ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की कार्यकारिणी का विस्तार, दिनेश अग्रवाल निभाएंगे संरक्षक की जिम्मेदारी

 




पश्चिम चंपारण(बगहा),8जुलाई (हि.स.)।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बिहार प्रदेश की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

प्रदेश नेतृत्व ने वरिष्ठ सामाजिक सरोकारों से जुड़े पंडित रमेश मिश्र को साहित्यकार संगठन का प्रदेश संगठन मंत्री मनोनीत किया है। वहीं बगहा के सुप्रसिद्ध समाजसेवी दिनेश अग्रवाल को संगठन का प्रदेश संरक्षक बनाया गया है।

इस घोषणा के बाद पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है।

संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पंडित रमेश मिश्र साहित्यकार अपने लंबे अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दिनेश अग्रवाल के संरक्षक बनने से संगठन को मार्गदर्शन और मजबूती मिलेगी।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए ग्रामीण पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को संगठित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा।

इस अवसर पर संगठन से जुड़े कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बिहार प्रदेश संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होकर पत्रकार हितों की दिशा में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी