आरएसएस का विजयादशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित
अररिया 11 अक्टूबर(हि.स.)।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को फारबिसगंज के ली अकादमी मैदान में विजयादशमी उत्सव सह शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जिला संघचालक सच्चिदानंद मेहता एवं नगर संघचालक उपेंद्र राउत ने संयुक्त रूप से विधिवत शस्त्र पूजन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संघचालक सच्चिदानंद मेहता ने कहा कि विजयादशमी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छह प्रमुख उत्सवों में से एक है। विजयादशमी के पावन अवसर पर अनादि काल से हिंदू समाज में शस्त्र पूजन की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन शक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। जिले में भी कई स्थानों पर नई शाखाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने शाखा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ की शाखा चरित्र निर्माण की सबसे बड़ी फैक्ट्री है, जहां स्वयंसेवकों में अनुशासन, संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जाती है। कार्यक्रम का समापन संघ प्रार्थना के साथ हुआ।
इस अवसर पर सह जिला कार्यवाह बबलू कुमार, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख आशीष गुप्ता, जिला प्रचार प्रमुख ललन राय, नगर कार्यवाह मंजीत मिश्रा, विनोद सेठिया, पारस सेठिया, आदित्य भगत, ऋतिक घोष, श्याम सोनी, अनिकेत कुमार, रवि प्रकाश, बैजू गुप्ता सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर