ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत नाबालिग बालक को किया गया सुरक्षित सुपुर्द

 


सीवान, 15 मई (हि.स.)।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत शुक्रवार को आरपीएफ पोस्ट सीवान ने एक नाबालिग बालक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति को सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर एक संदिग्ध स्थिति में घूम रहे नाबालिग बालक को आरपीएफ जवानों ने अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान बालक ने अपना नाम राघव कुमार, पिता रिंकू महतो, ग्राम बाबूपुर, थाना तीनपहाड़, जिला साहिबगंज (झारखंड) तथा उम्र लगभग 10 वर्ष बताया।

इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बालक की चिकित्सीय जांच कराई गई तथा प्रारूप-17 भरकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। बाद में बच्चे को सुरक्षित एवं स्वस्थ अवस्था में बाल कल्याण समिति भैसाखाल को सुपुर्द कर दिया गया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत रेलवे स्टेशनों पर भटक रहे, लावारिस अथवा जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण देकर उनके परिवार या संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma