ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते': कटिहार जंक्शन से आरपीएफ ने पांच नाबालिग बच्चों का किया रेस्क्यू
कटिहार, 22 नवंबर (हि.स.)। कटिहार रेलमंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' के तहत कटिहार रेलवे स्टेशन पर पिछले छह दिनों के भीतर पांच नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के निर्देश तथा कटिहार ईस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में तीन नाबालिग लड़कियां और दो नाबालिग लड़के शामिल हैं। ये सभी बच्चे परिजनों को बिना बताए अपने घर से निकल आए थे और स्टेशन परिसर में भटक रहे थे।
रेलवे से मिली जानकारी अनुसार, आरपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट के एएसआई हितेश चंदर और 'मेरी सहेली' टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या एक के सर्कुलेटिंग एरिया में परेशान हालत में घूम रही एक 13 वर्षीय किशोरी को रेस्क्यू किया। वहीं, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कोतवाली थाना से मिली सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में टीएम रनिंग रूम के समीप से 11 और 14 वर्ष की दो अन्य बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया गया। इनमें से एक बच्ची को बाल गृह कटिहार में संरक्षण दिया गया है, जबकि दो बच्चियों को अग्रतर कानूनी कार्रवाई के लिए जलपाईगुड़ी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इसी क्रम में 21 नवंबर को आरपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट के एएसआई उदय कुमार ने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर सीटीटीआई कार्यालय के सामने बेंच पर बैठे 11-11 वर्ष के दो नाबालिग लड़कों को रेस्क्यू किया। पूछताछ में दोनों ने खुद को मधेपुरा का निवासी बताते हुए घर से भागकर आने की बात स्वीकार की। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों लड़कों को रात्रि संरक्षण के लिए बाल गृह कटिहार भेज दिया गया, जहां से चाइल्डलाइन के माध्यम से परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने आम यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में कोई भी बच्चा अकेला या भटका हुआ दिखे, तो तुरंत आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन को सूचित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह