सीवान जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रेनों से विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 


सीवान, 22 मई (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल की सीपीडीएस टीम ने सीवान जंक्शन पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ट्रेनों से विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से कुल 21.60 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 18,480 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के आदेश पर गठित सीपीडीएस टीम ने प्रभारी निरीक्षक सीवान एवं निरीक्षक ट्रेन स्कॉर्ट गोरखपुर के निर्देशन में सीवान जंक्शन पर ट्रेनों की निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई में गाड़ी संख्या 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के सीवान आगमन पर एक युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 180 एमएल की 96 बोतल ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 17.28 लीटर तथा कीमत 12,480 रुपये आंकी गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रतन कुमार के रूप में हुई है, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव का निवासी बताया गया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में गाड़ी संख्या 15910 अवध असम एक्सप्रेस से एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 180 एमएल की 24 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 4.32 लीटर एवं कीमत 6,000 रुपये बताई गई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विक्की कुमार के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर जिले के छाता बाजार का निवासी है।

दोनों मामलों में बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सीवान को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत अलग-अलग कांड दर्ज किए गए हैं।

कार्रवाई में सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सउनि मयंक भूषण तिवारी, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, बिन्देश्वर साह गोंड एवं इंद्रजीत यादव शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma