बांग्लादेश जाने से पहले मालगाड़ी में सेंधमारी, सीवान यार्ड में गेहूं चोरी करते दो गिरफ्तार
सीवान, 14 सितंबर (हि.स.)। सीवान रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी से गेहूं के बोरे चोरी कर ले जा रहे दो युवकों को आरपीएफ की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से तथा मौके से चोरी किए जा रहे गेहूं के कुल नौ बोरे बरामद किए गए हैं।
बरामद गेहूं की अनुमानित कीमत करीब 11,700 रुपये बतायी गयी है। कार्रवाई 14 सितंबर की रात करीब एक बजे की गयी। आरपीएफ पोस्ट सीवान से मिली जानकारी के अनुसार, पाली ड्यूटी टीम, सीपीडीएस टीम और अ.आ.सा./छपरा की संयुक्त टीम सीवान यार्ड में अपराध निगरानी कर रही थी। इसी दौरान यार्ड के लाइन नंबर छह पर खड़ी मालगाड़ी में संदिग्ध गतिविधि नजर आयी। मालगाड़ी सुभागपुर से दर्शना (बांग्लादेश) जा रही थी।
जांच के दौरान पाया गया कि वैगन नंबर एनईआर बीसीएनएएसएचएम1/31042416863 का दरवाजा खोलकर उसमें लदे गेहूं के बोरे नीचे गिराए जा रहे थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दो युवकों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, एक युवक अपनी पीठ पर गेहूं का एक बोरा लादकर ले जा रहा था, जबकि दूसरा युवक एक बोरा कंधे पर लेकर जा रहा था। दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद मौके की तलाशी लेने पर चोरी कर नीचे गिराए गए अन्य बोरे भी बरामद कर लिए गए।
कार्रवाई में कुल नौ बोरे बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकेश कुमार (22), पुत्र परशुराम राम तथा किशोर राम (22), पुत्र दयाराम, दोनों निवासी लक्ष्मीपुर, थाना नगर, जिला सीवान के रूप में हुई है। कार्रवाई में रे.सु.ब. के पाली प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नन्द किशोर सिंह के साथ हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश मिश्रा और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल थे। वहीं टीम में सहायक उप निरीक्षक अवनीश राय, सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र पांडे, कांस्टेबल विजय कुमार यादव और कांस्टेबल मुकेश साह तथा अ.आ.सा. छपरा के हेड कांस्टेबल रामसूरत ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
आरपीएफ पोस्ट सीवान में दोनों आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 11/2026, धारा 3 आरपी (यूपी) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक के आदेशानुसार उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह करेंगे। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ प्रकरण की प्रगति से अवगत कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma