रेल संपत्ति चोरी के आरोप में एक गिरफ्तार, रेलवे सामग्री बरामद

 


सीवान, 28 मई (हि.स.)।

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की क्राईम प्रीवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड ने बुधवार को रेल संपत्ति चोरी करने वाले एक अभियुक्त को चोरी की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सीवान सुभाष चंद्र यादव के निर्देशन में की गई।गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रुस्तम सीवान नगर थाने के शेख मोहल्ला निवासी मोहम्मद इसराइल का पुत्र है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को उप निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा एवं कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार सिंह आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे।

इसी दौरान सीवान पूर्वी यार्ड में किलोमीटर संख्या एसवी1004/एसवी 1006 डाउन लाइन के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे में भारी सामान लेकर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान प्लास्टिक के बोरे से दो अदद ईआरसी पैंडराल क्लिप तथा रेलवे का एक लोहे का प्लेट बरामद किया गया, जिस पर कर्व नंबर 51/ए अंकित था। आरोपी बरामद रेल संपत्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।

इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी को रेल संपत्ति अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बरामद रेल संपत्ति को जब्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान में मुकदमा अपराध संख्या 05/26 दिनांक 28.05.26 दर्ज किया गया। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 550 रुपये बताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma