खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए रोस्टर तैयार

 






सारण, 23 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों और बीडीओ को निर्देश दिया कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नल-जल योजना और चापाकलों की वर्तमान स्थिति का फीडबैक लें। खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए पीएचईडी द्वारा प्रत्येक प्रखंड में एक विशेष दल भेजा गया है।

बीडीओ को पंचायतवार रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया है ताकि योजनाबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य पूर्ण हो सके। साथ ही पंचायती राज विभाग के टीए को हर 15 दिन में योजनाओं की क्रियाशीलता की जांच कर रिपोर्ट सौंपनी होगी। बैठक में आरटीपीएस काउंटरों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कम आवेदन वाले प्रखंडों की जांच के निर्देश देते हुए काउंटरों को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा। इसके अतिरिक्त, सीपी ग्राम और मुख्यमंत्री ई-डैशबोर्ड पर लंबित जनशिकायतों का समयबद्ध निष्पादन, न्यायालयों में ससमय तथ्य विवरणी दाखिल करने और सभी कार्यालयों में शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया गया। बैठक में उपविकास आयुक्त सहित जिले के अन्य पदाधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार