रात के अंधेरे में हुआ सड़क निर्माण कार्य,लोगों का हुआ कड़ा विरोध
अररिया 20 फरवरी(हि.स.)।
फारबिसगंज सदर रोड में बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की ओर से पोस्ट ऑफिस चौक से मातादीन मिठाई दुकान रेलवे मोड़ तक सड़क निर्माण का कार्य बीती देर रात किया गया।रात को स्थानीय लोगों ने हो रहे कार्य में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया।
प्राक्कलन के विपरीत बिना किसी अभियंता की मौजूदगी में हुए सड़क निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया।स्थानीय लोगों ने योजना से संबंधित किसी तरह का बोर्ड कार्य स्थल पर नहीं लगाने और प्राक्कलन को दरकिनार कर काम करने का आरोप लगाते हुए नगर परिषद और उसके प्रतिनिधि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक ने नियम के विपरीत अन्यत्र दूसरे स्थान पर सड़क निर्माण कार्य में प्रयुक्त मसालों को तैयार कर कार्य स्थल पर गिरवाकर आनन फानन में काम करवाया।
साथ ही निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी के द्वारा पेटी कंट्रेक्ट के तहत किसी दूसरी स्थानीय एजेंसी से कार्य करने का आरोप लगाते हुए गुणवत्ताविहीन कार्य की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराए जाने की मांग की।
फारबिसगंज के तत्कालीन विधायक विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी की अनुशंसा पर सदर रोड में सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण कार्य के साथ ही सड़क निर्माण कार्य बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराई जा रही है।इससे पहले बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराए गए नाला निर्माण कार्य में भारी लूटपाट करने और ऊंचाई में नाला निर्माण कार्य होने की बात कही।
स्थानीय लोग नगर परिषद क्षेत्र में हो रहे कार्य के बावजूद नगर परिषद प्रशासन की शिथिल भूमिका पर सवाल खड़ा किया और बिना किसी अभियंता की मौजूदगी में योजना क्रियान्वयन को लूट का जरिया करार दिया।बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की ओर से सड़क और पश्चिम दिशा में नाला निर्माण कार्य कराने की जिम्मेवारी अररिया की चंद्रा कंस्ट्रक्शन एजेंसी को दी गई। चंद्रा एजेंसी की ओर से पश्चिम दिशा में नाला निर्माण कार्य पूरा कराने के बाद सड़क निर्माण कार्य कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर