बैंक के शाखा प्रबंधक से लूट मामले में पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार,लूटी हुई माेबाइल किया बरामद

 


अररिया 15 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज के हरिपुर चौक पर भरगामा के महथावा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक अनुराग तिर्की से 19 जून की शाम बैंक से वापस घर लौटने के क्रम में दो बाइक पर सवार बदमाशों द्वारा हथियार का भय दिखाकर नगद और मोबाइल लूट लिए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना संकलन के आधार पर नरपतगंज के मिरदौल निवासी रूपेश कुमार को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से पुलिस ने मैनेजर की लूटी हुई मोबाइल बरामद किया।गिरफ्तार युवक ने भी घटना में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की। यह जानकारी फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद ने फारबिसगंज थाना परिसर में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

एचडीपीओ राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि फारबिसगंज थाना में दर्ज मामले में महथावा के शाखा प्रबंधक अनुराग तिर्की ने बताया था कि बैंक से वापस घर लौटने के क्रम में 19 जून की संध्या सात बजे के करीब हरिपुर चौक से पांच सौ मीटर आगे दो बाइक पर सवार बदमाशों ने हथिया का भय दिखाते हुए उन्हें रोककर उनसे तीन हजार रूपये और दो मोबाइल लूट लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि मामले के अनुसंधान के लिए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के साथ मानवीय सूचना को संकलित किया,जिसके आधार पर नरपतगंज थाना क्षेत्र के मिरदौल निवासी रूपेश कुमार को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से मैनेजर की लूटी हुई एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित ने अपने अन्य साथी के बारे में जानकारी दी है,जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार,नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार,एसआई कलीम आलम और प्रभा कुमारी के साथ डीआईयू और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर