पथ निर्माण मंत्री ने सड़क निर्माण कार्य की रखी आधारशिला

 


अररिया 03 अप्रैल(हि.स.)।बिहार सरकार के पथ निर्माण एवं उद्योग विभाग के मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने शुक्रवार को जयनगर से घूरना तक जाने वाली 35 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य का आधारशिला रखा।इस सड़क का निर्माण कार्य पथ निर्माण विभाग के द्वारा 93 करोड़ 11 लाख 21 हजार रुपये की लागत से की जाएगी।इसके अलावे पथ निर्माण मंत्री ने जिले में अन्य सड़क निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी।जिले में कुल 13907.55 लाख रूपये से बनने वाले सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला के साथ कार्यारंभ किया गया।

नरपतगंज कोशी कॉलोनी में बकायदा शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिसमें सांसद प्रदीप कुमार सिंह,नरपतगंज विधायक देवयंती यादव,जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम उर्फ पप्पू अजीम,भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा,बिहार उद्योग आयोग के सदस्य आलोक कुमार भगत समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

मौके पर पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि इनके द्वारा बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है,ताकि लोगों के आवागमन में सुविधा हो।उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों को दुरुस्त करने के लिए हरेक जिले रोड एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है,जिससे सड़क पर बने गड्ढों की जानकारी मिलने के साथ ही गड्ढों का मरम्मती करवाया जाता है।उन्होंने कहा कि निरंतर विकास ही एक विकासशील सरकार की पहचान होती है।

उन्होंने कहा कि सड़क के पक्कीकरण से यह मार्ग न केवल क्षेत्र में सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। यह विकास की वह कड़ी है, जो गांव-गांव को प्रगति से जोड़ने का कार्य करेगी।

कार्यक्रम को सांसद प्रदीप कुमार सिंह,विधायक देवयंती यादव समेत अन्य ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर