सड़क पक्कीकरण की आस में पथरा गई ग्रामीणों की आंखें

 


सुपौल, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र के गोनहा पंचायत के वार्ड छह में मुरलीगंज शाखा नहर से कमल सादा के टोला तक लगभग एक किलोमीटर कच्ची सड़क का दशकों बाद भी नए सिरे से पक्कीकरण नहीं किया जा सका है।

ग्रामीण बताते हैं कि सड़क बनने की आस लिए कई बुजुर्ग स्वर्ग सिधार गए। सड़क नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों से गुजरना पड़ता है। खासकर बरसात के समय सड़क पर जलजमाव और कीचड़ रहने से लोगों को आवागमन के साथ अपने घरों से निकलना भी दुश्वार हो जाता है।

ग्रामीण विद्यानंद मेहता, वीरेंद्र मेहता, कमल मेहता, रविंद्र ऋषिदेव, बलराम साह, अशोक साह, बम सिंह, राजीव सिंह, शालीग्राम शर्मा, शोभा देवी, शर्मीला देवी आदि ने बताया कि सड़क निर्माण कराने को लेकर सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कुछ भी कार्रवाई नहीं की जा सकी है, केवल आश्वासन मिलता रहा। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द ही इस सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो वह लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

उधर, प्रखंड उप प्रमुख गुड्डू ओमप्रकाश ने बताया कि वह जल्द ही इस सड़क का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जानकारी देंगे। बीडीओ अविनव भारती ने कहा कि वे भी पंचायत के मुखिया के साथ जल्द सड़क की स्थिति की जानकारी के लिए वार्ड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद विभाग को लिखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र