निजी स्कूल के अनियंत्रित तेज रफ्तार वैन के चपेट में आने से महिला की मौत
अररिया 30 मई(हि.स.)। फारबिसगंज के श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास शनिवार दोपहर तेज अनियंत्रित स्कूल वैन के चपेट में आने से भागकोहलिया वार्ड संख्या आठ की रहने वाली अधेड़ महिला जुबेदा खातून की मौके पर मौत हो गई।
घटना के बाद गाड़ी का चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग निकला। घटना फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के आवास पर घटित हुआ।घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और घटना के विरोध में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।आक्रोशितों लोगों ने स्कूल वैन में भी जमकर तोड़फोड़ की।
घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल वैन बच्चों को छोड़कर वापस लौट रहा था। वाहन काफी तेज गति में था और श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास टर्निंग पर गाड़ी टर्न लेने के बजाय सीधे मंदिर के दिवाल में टक्कर मार दी।जिसके चपेट में जुबेदा खातून आ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।टक्कर इतना जोरदार था कि मंदिर की दिवाल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर फारबिसगंज थाना पुलिस भी पहुंची,लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे और वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। आक्रोशित प्रदर्शनकारी पुलिस के सामने भी स्कूल वाहन में तोड़फोड़ कर रहे थे और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई थी। बाद में पुलिस ने घटना में शामिल स्कूल वैन को जब्त कर अपने साथ थाना ले गई।
सूचना के बाद मौके पर स्थानीय विधायक मनोज विश्वास भी पहुंचे और घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बेपरवाह तेज रफ्तार वाहन पर अंकुश लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि निजी स्कूल के द्वारा मनमाने तरीके से नियम के विपरीत गाड़ियों का परिचालन की जांच अत्यावश्यक है। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ है और हर संभव सरकारी मुआवजा को लेकर सकारात्मक पहल कर रहे हैं।
मौके पर बड़ी संख्या में भागकोहलिया पंचायत के लोग सहित शहर के लोग जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाने के बाद वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर