सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की हुई मौत दो घायल

 


नालंदा, 22 सितंबर (हि.स.)।

नालंदा जिला अंतर्गत रहुई – वेना थाना क्षेत्र के सिहुली मोड़ स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास मंगलवार की अहले सुबह फ्लाईओवर पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी पुलिस को उस समय मिली जब पुलिस की गश्ती वाहन वहां से गुजर रही थी। पुलिस को सड़क पर गिरे हुए तीन युवकों पर पड़ी उसके बाद गश्त कर रही पुलिस ने एम्बुलेंस से तीनों घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ ले गए जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।

मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहसराय निवासी श्रवण सिंह के 24 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में की गई है। जबकि घायलों की पहचान सोहसराय बीच बाजार निवासी पप्पू शर्मा के 26 वर्षीय पुत्र वीर शर्मा और सोहसराय पानी टंकी निवासी राजेंद्र कुमार के पुत्र राजकुमार के रूप में की गई है।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन से बाइक को धक्का लगने से यह सड़क हादसा हुई है। घायल युवक के पास मिले मोबाइल और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनके परिजनों को जानकारी दी गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे