अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो भाई गंभीर घायल

 


सुपौल, 15 सितंबर (हि.स.)। त्रिवेणीगंज-जदिया मार्ग पर मंगलवार को पांडेडपट्टी हरिनाहा चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों सड़क किनारे गिर पड़े। सूचना मिलने पर जदिया थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।

जदिया गश्ती दल के एएसआई तारानंद भारती ने बताया कि पांडेडपट्टी हरिनाहा चौक के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक उमेश कुमार मंडल ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी शिव ऋषि देव के पुत्र योगेंद्र ऋषि देव और नरेश ऋषि देव के रूप में हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र