तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवारों को रौंदा, दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

 


सीवान, 25 मई (हि.स.)। दरौंदा थाना क्षेत्र के मांझी-बरौली मुख्य पथ पर रंगरौली गांव के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान मड़सरा गांव निवासी टुनटुन साह के पुत्र करण कुमार तथा राजेश्वर ठाकुर के पुत्र कल्लू कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक हिमांशु कुमार बताया गया है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बताया जाता है कि तीनों युवक बाइक से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रंगरौली गांव के समीप अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से करण कुमार और कल्लू कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma