तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

 


अररिया 20 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज-रानीगंज सड़क मार्ग पर रामपुर दक्षिण मस्जिद के समीप शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मां के साथ ईद की खरीददारी कर लौट रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। युवक जख्मी हालत में सड़क पर गिर पड़ा। जिसके बाद आनन फानन में स्थानीय लोगों ने उसे फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उसे नेपाल विराटनगर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रामपुर दक्षिण वार्ड संख्या 9 निवासी जुगनू अंसारी के रूप में की गई है। घटना के बाद जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के बेलगाम परिचालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

बताया जाता है कि जुगनू अंसारी एक सामान्य परिवार से जुड़ा युवक था और घर-परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी असामयिक मौत से न केवल परिवार, बल्कि पूरे मोहल्ले और गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का करुण क्रंदन देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर