सुपौल में सड़क हादसे में अधेड़ की मौत, बाइक की टक्कर से हुआ था गंभीर रूप से घायल

 


सुपौल, 13 नवंबर (हि.स.)। शहर में शुक्रवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 के मरीचा निवासी अशोक पासी (50) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने के दौरान एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, अशोक पासी सुपौल शहर में अपना काम निपटाकर पैदल घर लौट रहे थे। घर से करीब 200 मीटर पहले पुराने दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अशोक पासी को तत्काल सदर अस्पताल सुपौल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, एंबुलेंस से हायर सेंटर ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

मृतक के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से उन्हें पिता के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। विकास के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि पांडे लाल मंडल के पुत्र विपुल कुमार की बाइक से उनके पिता को टक्कर लगी थी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, बाइक सवार की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सदर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र