अनियंत्रित तेज ट्रक ने दूध लदे पिकअप में मारी टक्कर, सड़क पर पसरा दूध
अररिया,25 फरवरी(हि.स.)। जिले में फारबिसगंज एनएच-27 पर आबिद बाबू पेट्रोल पंप के पास सुधा डेयरी का दूध लेकर जा रहे पिकअप गाड़ी में तेज अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी,जिससे दूध से लदा पिकअप हादसे का शिकार हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूध से भरा पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से पहले टकराया और फिर पलट गया।हादसे में पिकअप के चालक और खलासी घायल हो गए।जबकि ट्रक चालक गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग के साथ फारबिसगंज थाना से एएसआई सतीश कुमार वर्मा,पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना के बाद एनएचएआई की पेट्रोलिंग गाड़ी भी मौके पर पहुंची।स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल पिकअप के चालक और खलासी को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।हादसे के बाद पिकअप पर लदे दूध का पैकेट और दूध सड़क पर बिखर गया।जिसके कारण एनएच 27 कर कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था अवरुद्ध हो गया।
पिकअप चालक फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर उत्तर के भजनपुर वार्ड संख्या 3 निवासी 25 वर्षीय इस्तेखार अंसारी पिता रफीक अंसारी है। जबकि खलासी रामपुर के ही 24 वर्षीय अमन कुमार पासवान पिता किशन पासवान हैं।दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल में चालक इस्तेखार अंसारी की हालत नाजुक है।दोनों घायलों को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाने पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ रूपेश कुमार ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया।चालक इस्तेखार अंसारी की गंभीर हालत और सर में लगी चोट को लेकर बेहतर इलाज और सिटी स्कैन के लिए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल इस्तेखार अंसारी और अमन कुमार पासवान ने बताया कि पूर्णिया से फारबिसगंज रेलवे स्टेशन के पास फारबिसगंज का माल को अनलोड कर बथनाहा और जोगबनी के लिए वे लोग निकले थे।हाइवे पर जा हो रहे थे कि आबिद बाबू के पेट्रोल पंप के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।जिसके कारण उनका दूध से लदा पिकअप गाड़ी अनियंत्रित हो गया और सामने डिवाइडर से टकरा गया।जिसके बाद गाड़ी को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया,लेकिन गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और कैरेट में रखा सारा दूध सड़क पर बिखर गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे फारबिसगंज थाना के एएसआई सतीश कुमार वर्मा और पंकज कुमार और पुलिस बल ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को अपने नियंत्रण में लिया।सूचना पर हाइवे पेट्रोलिंग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।पुलिस और हाइवे पेट्रोलिंग गाड़ी ने सड़क पर पलटे वाहन को हटाकर यातायात को चालू कराया।हादसे के बाद ट्रक को लेकर ट्रक चालक फरार हो गया,जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है और आगे के थाना को जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर