ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, चालक हिरासत में
सुपौल, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के बजरंग चौक स्थित एनएच-91 पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान डहरिया पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी केलू यादव के 25 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है।बताया गया कि अरुण कुमार ने एक दिन पहले ही नई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक खरीदी थी।
सोमवार को वह बाइक की कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए बिजली पावर बोर्ड के पास स्थित हीरो शोरूम गया था। सभी औपचारिकताएं पूरी कर घर लौटने के दौरान बजरंग चौक के पास बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
हादसे में वह ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचा। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक पप्पू राय ने बताया कि वह ट्रक संख्या बीआर-31 जीसी-5013 से बालू लेकर भीमपुर की ओर से छातापुर बाजार जा रहा था। बजरंग चौक के पास अचानक बाइक गिरने की आवाज सुनाई दी। पीछे देखा तो युवक ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ चुका था।
छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र