महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर राजद का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
किशनगंज, 17 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से बुधवार को शहर के टाउन हॉल के सामने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक अंजार नईमी, पूर्व विधायक सऊद आलम, पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम तथा राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव दानिश इकबाल ने किया।
धरने में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरना के दौरान वक्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, कानून व्यवस्था की स्थिति, भ्रष्टाचार तथा किसानों की समस्याओं को लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।
नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
धरना समाप्त होने के बाद राजद के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और बेरोजगारी के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव दानिश इकबाल ने जिले और राज्य में कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए अपराध, हत्या, लूट, चोरी तथा महिलाओं के विरुद्ध बढ़ रही घटनाओं का मुद्दा उठाया। वहीं पूर्व विधायक अंजार नईमी ने प्रशासनिक कार्यों में भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाओं के लाभ में देरी तथा भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों में आम लोगों को होने वाली परेशानियों का उल्लेख किया।
धरना में हाल के तूफान एवं बारिश से गेहूं, मक्का, केला, आम और लीची की फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई। इसके अलावा एएमयू किशनगंज सेंटर के लिए फंड उपलब्ध कराने, सुरजापुरी समुदाय को आरक्षण, नदियों के कटाव पर रोक, जलजमाव एवं ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान सहित जिले से जुड़ी आठ प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी गईं। जिला प्रभारी मोहिबुल हसन ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह