भागलपुर में राजद ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, राजद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग
भागलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के निर्देश और नेता प्रतिपक्ष सह राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के परामर्श पर शुक्रवार को भागलपुर जंक्शन चौक पर जिला राजद के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता, पारदर्शिता और स्वायत्तता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। पुतला दहन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से राजद के पूर्व प्रत्याशी शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन ने निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है और देश की निष्पक्ष संस्था की विश्वसनीयता की धज्जियां उड़ाई हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जेड हसन ने आरोप लगाया कि बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र के चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली की गई और अवैध रूप से एनडीए के दलों को चुनाव जिताया गया।
उन्होंने कहा, यह जनता का जनादेश नहीं, बल्कि 'ज्ञानेश' का सहयोग है जिसके बल पर आज एनडीए सत्ता पर काबिज है। राजद नेता ने भारत सरकार से मांग की कि लोकतंत्र विरोधी कृत्य के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल जेल भेजा जाए और कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई अधिकारी ऐसा साहस न कर सके। इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने की।
कार्यक्रम में डॉ. चक्रपाणि हिमांशु, चंदन सिन्हा, अरुण साह, नूर हसन फरीदी, बसरुल हक, भोपाली यादव, शहादत हुसैन, सरवर इमाम, विश्वजीत कुशवाहा, दिवाकर कुशवाहा, अयाज अंसारी, अशोक राम, गोपाल यादव, सौरभ यादव, प्रदीप यादव, मो. शहाबुद्दीन, विवेका यादव, पिंटू यादव, कौशल मंडल और परमेश्वर मंडल सहित सैकड़ों की संख्या में राजद नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एक सुर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आवाज बुलंद की और जमकर नारेबाजी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर