धरना कार्यक्रम की तैयारी को लेकर राजद जिला कार्यालय में हुई बैठक

 


सुपौल, 06 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा आगामी 9 जून को सभी प्रखंड मुख्यालयों और 17 जून को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को जिला राजद कार्यालय में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने की, जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव भूप नारायण यादव ने किया। बैठक में कार्यक्रम प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव धनिक लाल मुखिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव धनिक लाल मुखिया ने कहा कि राज्य और देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, बढ़ते भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की समस्याओं से जूझ रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा जनता के ज्वलंत मुद्दों को उठाने का काम करता रहा है और आगे भी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे धरना कार्यक्रम को जनआंदोलन का रूप दें और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। मुखिया ने विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयासों को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि सरकार को राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ऊपर उठकर जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास खाली कराने और नेता प्रतिपक्ष के परिवार की सुरक्षा में कटौती किए जाने के निर्णय पर भी चिंता जताई।

जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने कहा कि राजद हमेशा जनता के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने तथा धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।

वरिष्ठ नेता बैजनाथ मेहता ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना समय की मांग है। बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न प्रखंडों में प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई। सदर, मरौना, निर्मली, सरायगढ़-भपटियाही, राघोपुर, पिपरा, किशनपुर, त्रिवेणीगंज, प्रतापगंज, छातापुर और बसंतपुर समेत सभी प्रखंडों के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में रामनाथ मंडल, विद्याभूषण कुमार, लव यादव, सोनी कुमारी, शिवेंद्र कामत, इरफान बिहारी, पंकज प्रियदर्शी, विजय कुमार यादव, सलीमा खातून, मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र