कोशी कटाव प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण

 




सुपौल, 01 अगस्त (हि.स.)। कोशी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण किशनपुर अंचल के मौजहा पंचायत के पंचगछिया गांव में गृह कटाव (कटनिया) की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से स्थिति की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन की ओर से जरूरतमंद परिवारों के बीच तत्काल पॉलीथीन शीट का वितरण कराया गया, ताकि वे वर्षा एवं अन्य प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रह सकें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं हो। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से अन्य आवश्यक सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।

साथ ही, कार्यपालक अभियंता, पूर्वी कोशी तटबंध प्रमंडल, सुपौल को कटाव निरोधक कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया, ताकि जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन कोसी नदी के जलस्तर एवं कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला नियंत्रण कक्ष को दें।

उन्होंने कहा कि कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित कटाव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है।निरीक्षण के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार, प्रभारी अंचल अधिकारी, किशनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, किशनपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र