सुरसर नदी में नहाने गया किशोर डूबा, तलाश जारी
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के घीवहा पंचायत के वार्ड संख्या सात स्थित सुरसर नदी में बुधवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे नहाने के दौरान एक 13 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक नदी में उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। लापता किशोर पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी अमीर यादव के 13 वर्षीय पुत्र रविशंकर कुमार है।
परिजन ने बताया कि रविशंकर अपने दादा खट्टर यादव के साथ भैंस को चारा खिलाने के लिए सुरसर नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसने कुछ बच्चों को नदी में नहाते देखा और वह भी नदी में उतर गया। नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।किशोर को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना पर राजस्व अधिकारी (आरओ) अजमेरी अंसारी, हल्का कर्मचारी अमित रंजन, स्थानीय मुखिया गजेन्द्र कुमार राम, उप प्रमुख संजय यादव तथा छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन ने एनडीआरएफ टीम को सूचना दे दी है। हालांकि अंधेरा होने के कारण बुधवार को सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। एनडीआरएफ की टीम गुरुवार सुबह से नदी में तलाश अभियान चलाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र