तिलयुगा नदी में डूबने से किशोर की मौत

 




सुपौल, 06 जून (हि.स.)। जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तिलयुगा नदी में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की जान चली गई।

घटना जरौली-इस्लामपुर सड़क मार्ग स्थित आरसीसी पुल के नीचे हुई, जहां दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया किशोर अचानक गहरे पानी में समा गया।

मृतक की पहचान हरियाही पंचायत के जरौली गांव निवासी लक्ष्मी कामत के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में की गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हिमांशु अन्य बच्चों के साथ नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. मो. जावेद अनवर ने बताया कि नदी से निकाले जाने के बाद बच्चे को इलाज के लिए लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार ने पहले भी एक बड़ी त्रासदी झेली है। कुछ वर्ष पहले हिमांशु की बहन की तिलयुगा नदी किनारे मिट्टी धंसने की घटना में मौत हो गई थी। अब बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

इधर, अंचलाधिकारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग भी उठाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र