राजस्व लक्ष्य पूरा करने को लेकर 24 घंटे वाहन जांच के लिए तीन शिफ्ट में तैनात अधिकारी

 


गोपालगंज, 05 मार्च (हि.स.)।31 मार्च तक शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में राजस्व वसूली के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कुचायकोट थाना क्षेत्र के बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा से सटे बलथरी चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। चेकपोस्ट से गुजरने वाले ट्रकों सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों की कागजातों की गहन जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश के बाद परिवहन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है।जिला परिवहन पदाधिकारी शशि शेखरम् ने 31 मार्च तक शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बलथरी चेकपोस्ट पर अधिकारियों और कर्मियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई है। इससे चेकपोस्ट पर 24 घंटे लगातार वाहनों की जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान ट्रकों के परमिट, फिटनेस, रोड टैक्स, बीमा और ओवरलोडिंग से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जिन वाहनों के कागजात अधूरे या नियमों के विपरीत पाए जा रहे हैं, उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला जा रहा है। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

चेक पोस्ट पर तैनात परिवहन विभाग के अधिकारियाें के अनुसार वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले राजस्व लक्ष्य को पूरा करना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ाई गई है। बलथरी चेकपोस्ट पर विशेष रूप से सख्ती बरती जा रही है, ताकि बिना वैध कागजात के कोई भी व्यावसायिक वाहन यहां से होकर गुजर न सके। अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम वाहनों को रोककर क्रमवार जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि कई वाहन चालक टैक्स, परमिट या फिटनेस से जुड़े नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे राजस्व की हानि होती है और सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती बरतना जरूरी है। अभियान केवल राजस्व वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। ओवरलोडिंग और बिना फिटनेस वाले वाहनों पर कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

डीटीओ शशि शेखरम् ने कहा किजांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के कागजात पूरी तरह दुरुस्त रखें और परिवहन नियमों का पालन करें। प्रशासन का मानना है कि सख्त निगरानी और लगातार जांच से न केवल राजस्व वसूली में तेजी आएगी, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra