प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा, संभावित बाढ़ से निपटने को कटिहार प्रशासन अलर्ट
कटिहार 01 जून (हि.स.)। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री और कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार कक्ष में जिला 20 सूत्री और जिला आपदा बाढ़ या सुखाड़ राहत निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की और विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने अधिकारियों को पूरी नैतिकता और पारदर्शिता के साथ ससमय जनता के कार्यों का निष्पादन करने का कड़ा निर्देश दिया।
बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक तारकेश्वर प्रसाद, एमएलसी अशोक कुमार अग्रवाल सहित जिले के सभी माननीय विधायक, महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. विनोद कुमार और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी मौजूद थे।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने बताया कि कटिहार जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी कर ली गई हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिले में 197 सरकारी और 317 निजी नावों की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए कम्युनिकेशन प्लान तैयार है। बाढ़ प्रभावितों के लिए खाद्यान्न की निविदा पूरी हो चुकी है। जिले में 49338 पॉलीथिन शीट उपलब्ध हैं और 73400 अतिरिक्त शीट की मांग की गई है। इसके अलावा बुनियादी सुविधाओं से लैस 417 बाढ़ आश्रय स्थल और 627 सामुदायिक रसोई केंद्र चिन्हित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 61 प्रकार की दवाइयां और सर्पदंश से बचाव के लिए 27920 एंटीसिरम उपलब्ध कराए गए हैं। सभी प्रखंडों में 171 मेडिकल टीमें गठित हैं। पशुपालन विभाग ने 16 प्रखंडों में पशु चिकित्सा दल और 61 पशु शिविर स्थल तय किए हैं। आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर 589941 लाभुकों का विवरण दर्ज है और आपात स्थिति के लिए चौबीसों घंटे चालू रहने वाला हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 भी जारी किया गया है।
बैठक में जिला 20 सूत्री के तहत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले के 1965 विद्यालयों में 581145 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं, जहाँ शिक्षकों की उपस्थिति 90.63 प्रतिशत दर्ज की गई है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा मई 2026 तक 628086 राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया, जो कुल लाभार्थियों का 83.36 प्रतिशत है। जल जीवन हरियाली के तहत 523889 घरों को नल का जल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 33580 लाइटों के लक्ष्य के मुकाबले 98.95 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है।
समीक्षा में पाया गया कि मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में लक्ष्य का 93.87 प्रतिशत यानी 71.82 लाख मानव दिवस सृजित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 90.20 प्रतिशत आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़कों और पुलों के अधूरे कार्यों को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा कटिहार नगर निगम क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना, अमृत 2.0 जलापूर्ति और शवदाह गृह निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्य एजेंसियों को समय पर काम पूरा करने की चेतावनी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह