राजस्व मामलों के लंबित प्रकरणों के निष्पादन को लेकर अपर समाहर्ता ने दिए सख्त निर्देश

 


सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज अंचल में मंगलवार को अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, सभी राजस्व कर्मचारी एवं अमीन उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता ने परिमार्जन, ऑनलाइन म्यूटेशन, राजस्व महाअभियान, ई-म्यूटेशन डिफेक्ट चेक, लगान वसूली तथा अभियान बसेरा-2 सहित विभिन्न राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर समाहर्ता ने सभी अमीन एवं राजस्व कर्मचारियों को अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर ई-मापी, लगान वसूली तथा जमाबंदी अपडेशन से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, ई-म्यूटेशन डिफेक्ट चेक के लंबित मामलों को अगले दो दिनों में समाप्त करने को कहा गया। परिमार्जन के ऐसे मामले, जो 75 दिन अथवा 120 दिन से अधिक समय से लंबित हैं, उनका निष्पादन अगले तीन दिनों के अंदर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

अपर समाहर्ता ने स्पष्ट किया कि राजस्व से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र