जगदीशपुर में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ सहयोग शिविर आयोजित, मौके पर सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं
भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर प्रखंड की चांदपुर पंचायत में बुधवार को‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत एक सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विकास का सीधा लाभ पहुंचाना है।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना, उनका ऑन-स्पॉट निस्तारण किया और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, जगदीशपुर अंचलाधिकारी सतीश कुमार और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रियांशु राज मौजूद रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में चांदपुर पंचायत की मुखिया अर्चना कुमारी एवं मुखिया प्रतिनिधि शत्रुघ्न कुमार ने भी शिविर में हिस्सा लेकर ग्रामीणों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर में राजस्व विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, स्वच्छता मिशन, स्वास्थ्य विभाग, जल आपूर्ति विभाग और पशु चिकित्सा विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। अस्पताल प्रभारी डॉ. बीबी मंडल ने स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं और जल आपूर्ति अधिकारी फिरदौस आलम ने स्वच्छ पेयजल योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। खाद्य आपूर्ति विभाग के कर्मियों ने भी राशन कार्ड और खाद्यान्न वितरण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां लोगों को उपलब्ध कराईं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि इस सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना है। गांव में ही शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, साथ ही जो लोग अब तक सरकारी योजनाओं से वंचित थे, उन्हें इन कल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर