सबका सम्मान–जीवन आसान के तहत लगभग 49 मामलों की हुई सुनवाई
भागलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार की “7 निश्चय-3 बढ़ेगा अपना बिहार” योजना के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में आम जनों की समस्याओं की सुनवाई की गई।
सुनवाई की अध्यक्षता जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने की। कार्यक्रम के दौरान लगभग 49 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन, भूमि विवाद, विधि व्यवस्था एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित मामले शामिल थे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला, प्रखंड, अंचल, थाना एवं अन्य विभागीय कार्यालयों में भी “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की गई।
संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम के तहत प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया एवं आवेदकों को प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई गई। साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं। जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सुशासन की भावना को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर