बक्सर में टाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग जल्द चालू कराने की मांग, जीएम से मिले विधायक संतोष निराला

 


बक्सर, 19 अगस्त (हि.स.)। राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संतोष कुमार निराला ने मंगलवार को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) मुख्यालय पहुंचकर महाप्रबंधक (जीएम) से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने बक्सर-इटाढ़ी पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग को जल्द से जल्द चालू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने महाप्रबंधक को बताया कि रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय से बंद रहने के कारण क्षेत्र के आम लोगों, कामकाजी लोगों तथा विशेष रूप से स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे क्रॉसिंग को शीघ्र चालू करना बेहद जरूरी है।

महाप्रबंधक ने मामले की गंभीरता को समझते हुए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस दिशा में कार्य को गति देने का आश्वासन दिया।

विधायक संतोष कुमार निराला ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयास से बक्सर-इटाढ़ी पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग की समस्या का स्थायी समाधान जल्द निकलेगा

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra