बाढ़ पीड़ितों को जल्द दी जाए राहत राशि, कोई भी वास्तविक पीड़ित सरकारी सहायता से वंचित न रहे: नीतीश मिश्रा

 


भागलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सह भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने शुक्रवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा राहत कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की।

इस उच्च स्तरीय बैठक में जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों को अब तक दी गई राहत सामग्री और मुआवजा राशि के वितरण की मौजूदा स्थिति की गहन समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बाढ़ के संकट काल में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं भागलपुर का दौरा कर प्रभावित इलाकों का जायजा लिया था। संकट की इस घड़ी में बिहार सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया गया है और सरकार ने अपनी पूरी क्षमता के अनुसार प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराई है।

अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार अभी भी कुछ ऐसे बाढ़ पीड़ित शेष हैं, जिन्हें राहत राशि नहीं मिल पाई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी छूटे हुए प्रभावित लोगों की एक विस्तृत सूची तुरंत तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी इन छूटे हुए वास्तविक लाभुकों की पहचान कर जल्द से जल्द उनके बैंक खातों में राहत राशि भेजना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी वास्तविक पीड़ित सरकारी सहायता प्राप्त करने से वंचित न रह सके।

समीक्षा बैठक के दौरान भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कुंदन कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित आपदा प्रबंधन विभाग के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर