अमृतसर-बरौनी के बीच समर स्पेशल ट्रेन का संचालन
सीवान, 07 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 04610/04609 अमृतसर-बरौनी-अमृतसर समर स्पेशल के संचालन की घोषणा की है। यह साप्ताहिक आरक्षित विशेष ट्रेन सीवान और छपरा के यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04610 अमृतसर-बरौनी समर स्पेशल 19 अप्रैल से 12 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार को अमृतसर से रात 08:10 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 02:10 बजे बरौनी पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन सीवान स्टेशन पर शाम 07:22 बजे तथा छपरा पर रात 08:40 बजे पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04609 बरौनी-अमृतसर समर स्पेशल 21 अप्रैल से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को बरौनी से सुबह 05:05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सीवान से दोपहर 11:47 बजे और छपरा से सुबह 10:40 बजे होकर दूसरे दिन दोपहर अपराह्न 01:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का 1, शयनयान श्रेणी के 10, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 तथा एसएलआर के 2 कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस ट्रेन के संचालन से ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में सुविधा होगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी, खासकर सिवान, छपरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma