रेड रिबन क्विज में सादिकपुर इंटर कॉलेज का जलवा, खुशी व अनुराग राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

 


सीवान, 06 अगस्त (हि.स.)। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के सभागार में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में जिले के 50 विद्यालयों से दो-दो छात्रों सहित कुल 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रारंभिक लिखित परीक्षा के बाद 5 विद्यालयों के 10 छात्रों का चयन मौखिक क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया।

रोमांचक फाइनल मुकाबले में यूएचएस इंटर कॉलेज सादिकपुर की छात्रा खुशी कुमारी एवं अनुराग कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया।

आइडियल इंटरनेशनल स्कूल के अर्पण कुमार एवं प्रियांशु कुमारी द्वितीय तथा वीएमएचएस स्कूल के मोहित एवं पायल कुमारी तृतीय स्थान पर रहे। यूएचएस हाथीगई की रोशनी एवं प्रवीण कुमार ने चतुर्थ तथा यूएचएस कल्याणपुर की अंजली कुमारी एवं आशुतोष भारती ने पंचम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

जिला आईसीटीसी के पर्यवेक्षक विभूति भूषण ने बताया कि बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति और शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआईवी एवं एड्स से बचाव, जागरूकता और वैज्ञानिक जानकारी को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता लिखित एवं मौखिक दोनों चरणों में संपन्न हुई।

वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के प्राचार्य राकेश कुमार सिंह एवं कार्यक्रम सहायक अजय कुमार ने विजेता छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पटना से आए बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के रिसोर्स पर्सन एवं क्विज मास्टर राकेश कुमार सिंह तथा शिवम कुमार ने प्रतियोगिता का सफल संचालन किया। कार्यक्रम संयोजक विभूति भूषण ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं इस माह के अंत में पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में सीवान जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma