विश्व पर्यावरण दिवस पर रेड क्रॉस ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 




सुपौल, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, सुपौल शाखा की ओर से शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ. कन्हैया प्रसाद सिंह ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और विभिन्न प्रकार के प्रदूषण के कारण जलवायु परिवर्तन का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसका प्रतिकूल प्रभाव मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वायु, जल, मिट्टी एवं ध्वनि प्रदूषण से पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं की आवृत्ति और गंभीरता में वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। असमय बाढ़, भूकंप और सुनामी जैसी घटनाएं मानव समाज के लिए चेतावनी हैं, जिन्हें गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।

रेड क्रॉस के सचिव राम कुमार चौधरी ने कहा कि संस्था केवल आपदा एवं संकट के समय पीड़ित मानवता की सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक दायित्वों के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण बचाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन सुब्रत मुखर्जी, कोषाध्यक्ष अभय तिवारी, पूर्व सचिव अमरेंद्र कुमार अमर, गोविंद पासवान, खुर्शीद आलम, दयानंद ठाकुर, दीपिका चंद्रा, बालकृष्ण चौधरी, डॉ. संजीव गुप्ता, अमरनाथ साह, मोहित झा समेत कई सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र