भागलपुर में होमगार्ड के रिक्त पदों पर बहाली शुरू: प्रतीक्षा सूची से भरे जाएंगे 27 पद
भागलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में काफी समय से लंबित गृहरक्षकों (होमगार्ड) की बहाली को लेकर एक बड़ी और राहत भरी खबर आई है। जिला प्रशासन ने गृहरक्षकों के 27 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। इन पदों को पूर्व में तैयार की गई प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के माध्यम से भरा जाएगा।
इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई है जो लंबे समय से अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, विभिन्न कारणों से रिक्त रह गए इन 27 पदों पर नए सिरे से विज्ञापन निकालने के बजाय पुरानी मेधा सूची की प्रतीक्षा सूची का सहारा लिया जा रहा है। इससे बहाली प्रक्रिया में तेजी आएगी और योग्य उम्मीदवारों को तुरंत रोजगार का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और मेधा क्रम (मेरिट लिस्ट) के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग ने आंतरिक तैयारियां तेज कर दी है। प्रतीक्षा सूची में शामिल चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, आवासीय दावों और अन्य जरूरी कागजातों की दोबारा गहनता से जांच की जाएगी। सुरक्षा सेवा से जुड़ा मामला होने के कारण, अंतिम चयन से पहले उम्मीदवारों का अनिवार्य मेडिकल टेस्ट (चिकित्सीय परीक्षण) कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भागलपुर जिले में गृहरक्षकों के इन 27 पदों पर बहाली होने से स्थानीय थानों, सरकारी कार्यालयों और वीआईपी सुरक्षा में जवानों की कमी दूर होगी। जिला प्रशासन का मानना है कि नए जवानों के आने से जिले की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और अधिक मजबूती मिलेगी। विभाग जल्द ही चयनित उम्मीदवारों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश और तिथि की आधिकारिक घोषणा करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर