राशन कार्ड निर्माण अभियान में अररिया बिहार में अव्वल
अररिया 12 नवम्बर(हि.स.)।
बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा नए राशन कार्ड निर्माण एवं पात्र लाभुकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के दायरे में जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में अररिया जिला बिहार में अव्वल रहा। जिले में प्राप्त कुल आवेदनों के विरुद्ध अब तक 91.70 प्रतिशत राशन कार्ड जारी किए गए। साथ ही राशन कार्ड निर्माण एवं ई-केवाईसी के कार्य में भी जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है।
इस क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से समारोह आयोजित कर नए राशन कार्ड के लाभुकों के बीच कार्ड का वितरण किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीएम विनोद दूहन, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं नए राशन कार्ड के लाभुक कार्यक्रम से जुड़े रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जबकि समापन बिहार गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा कुल 45 नए लाभुकों के बीच राशन कार्ड का वितरण किया गया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्यान्न के लाभ से वंचित नहीं रहे। इसी उद्देश्य से जिले में कैंप मोड में कार्य करते हुए आवेदन प्राप्त करने, ई-केवाईसी एवं राशन कार्ड निर्गमन की प्रक्रिया को गति दी गई। उन्होंने इस अभियान में जुटे सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 56,798 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 38,385 आवेदकों का ई-केवाईसी कराया जा चुका है। अब तक 32,049 आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। ई-केवाईसी का प्रतिशत 83.49 है। जिले में अब तक कुल 35,198 नए राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
मौके पर अपर समाहर्ता राजस्व अनिल कुमार झा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी दीक्षित श्वेतम,फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर