राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर बिहार ग्रामीण बैंक ने की बैठक, ऋणधारकों से समय पर भुगतान की अपील
सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहरसा अजीत कुमार झा की अध्यक्षता में सुपौल, सहरसा और मधेपुरा जिले के बैंक कर्मियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक ऋण मामलों के निष्पादन और ऋणधारकों को मिलने वाली छूट को लेकर चर्चा की गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार झा ने शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी पूरी गंभीरता के साथ करें। उन्होंने कहा कि इस बार बैंक की ओर से ऋण मामलों के निपटारे के लिए काफी संख्या में ऋणधारकों को छूट का अवसर दिया जा रहा है। ऋणधारकों के लिए यह अपने बकाये का भुगतान कर मामले का निपटारा कराने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि ऋणधारक समय पर अपने बकाये का भुगतान करें और संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर लोक अदालत में उपलब्ध छूट का लाभ उठाएं। समय पर ऋण का भुगतान नहीं करने की स्थिति में बैंक नियमावली और जिला प्रशासन की प्रक्रिया के तहत संबंधित ऋणधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। इसके तहत नोटिस जारी करने के साथ-साथ वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है।
बिहार ग्रामीण बैंक सुपौल शाखा के शाखा प्रबंधक संजय कुमार मिश्रा ने भी ऋणधारकों से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर अपने ऋण का भुगतान करें और किसी भी तरह की जानकारी या समाधान के लिए बैंक शाखा में आकर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर भुगतान नहीं करने वाले ऋणधारकों के विरुद्ध बैंक एवं जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार वारंट और कुर्की की कार्रवाई की जा सकती है। ऐसी स्थिति में होने वाली कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित ऋणधारक की होगी। बैंक अधिकारियों ने ऋणधारकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाते हुए समय रहते अपने ऋण खातों का निपटारा कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र