ठाकुरगंज के पथरिया में दिखा दुर्लभ पैंगोलिन, देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
किशनगंज, 11 जून (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड के पथरिया क्षेत्र में गुरुवार को एक दुर्लभ वन्यजीव के दिखाई देने से इलाके में कौतूहल का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिस जीव को देखा, उसकी पहचान पैंगोलिन के रूप में की गई है। मैदानी क्षेत्र में इस दुर्लभ जीव के मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, पथरिया क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों की नजर अचानक एक अनोखे जीव पर पड़ी। जीव का शरीर शल्कनुमा कठोर परतों से ढका हुआ था, जिससे वह अन्य वन्यजीवों से अलग दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने इसकी पहचान पैंगोलिन के रूप में की।
पैंगोलिन एक अत्यंत दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव है, जो सामान्यतः जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में पाया जाता है। जीव के दिखाई देने की खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग इस दुर्लभ जीव को देखने और अपने मोबाइल फोन में उसकी तस्वीर एवं वीडियो कैद करने के लिए उत्सुक नजर आए।
हालांकि ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए वन्यजीव को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई और उसे सुरक्षित दूरी से देखते रहे।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना संबंधित वन विभाग के अधिकारियों को भी दी। सूचना मिलने के बाद विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
ग्रामीणों ने वन्यजीव की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसके आसपास निगरानी भी रखी, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार पैंगोलिन की गिनती दुनिया के सबसे अधिक तस्करी किए जाने वाले वन्यजीवों में होती है। इसके शरीर पर मौजूद शल्कों के कारण इसकी अवैध तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में इस दुर्लभ जीव का ठाकुरगंज क्षेत्र में दिखाई देना वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से पैंगोलिन को सुरक्षित प्राकृतिक आवास तक पहुंचाने की मांग की है, ताकि इस दुर्लभ प्रजाति का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह