सारण में दूसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म, एक गिरफ्तार
सारण, 21 जून (हि.स.)। जिले में दूसरी कक्षा की एक मासूम छात्रा के साथ दुष्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर शाम की है। सहमी पीड़िता ने रविवार सुबह अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, ग्रामीण एसपी संजय कुमार और मढ़ौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटनास्थल का मुआयना किया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी के निर्देश पर एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों के अनुसार बच्ची शनिवार शाम अपने दादा से मिलकर घर लौट रही थी, तभी गांव के ही एक युवक ने मौका पाकर उसे अपने मुर्गा फार्म में ले जाकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
पुलिस सुरक्षा में बच्ची को मेडिकल जांच के लिए छपरा भेजा गया है। वहीं, घटना के बाद गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार