बहादुरगंज में जंगली हाथियों का तांडव, बुजुर्ग और मासूम गंभीर रूप से घायल
किशनगंज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह गांगी गांव में दो जंगली हाथियों के अचानक आबादी क्षेत्र में घुसने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया। इस दौरान उनकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह दोनों हाथी अचानक गांव में पहुंच गए और खेतों में उत्पात मचाने लगे। हाथियों को आबादी के बीच देखकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस दौरान अलताबाड़ी निवासी बुजुर्ग मोफीज आलम और दरनिया गांव का एक बच्चा हाथियों की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल बहादुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।फॉरेस्ट अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को दिघलबैंक प्रखंड के धनतोला में भी जंगली हाथियों ने उत्पात मचाया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की टीम को अलर्ट पर रखा गया है।
मौके पर पहुंची टीम ने लोगों की भीड़ को हटाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। फिलहाल वन विभाग के कर्मी हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह