एसएसपी कार्यालय में एनसीसी कैडेट्स ने मनाया रक्षाबंधन, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का दिया संदेश

 


भागलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व के शुभ अवसर पर एनसीसी भागलपुर की महिला कैडेट्स ने गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस दौरान एनसीसी की छात्राओं ने एसएसपी को स्नेहपूर्वक राखी बांधी। उन्होंने भाई-बहन के पवित्र स्नेह, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा की भावना को व्यक्त किया। वहीं एसएसपी ने कैडेट्स को पर्व की बधाई दी।

उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य, सफलता और निरंतर प्रगति की कामना की। एसएसपी ने छात्राओं की इस आत्मीय पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पारिवारिक त्योहार नहीं है। यह आपसी विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने दोहराया कि पुलिस सदैव समाज की सुरक्षा, सेवा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं और पुलिस के बीच ऐसे आयोजन आपसी विश्वास और अपनत्व को और सुदृढ़ करते हैं। समाज में इसका एक सकारात्मक संदेश जाता है।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी छात्राओं और पुलिस पदाधिकारियों के बीच आत्मीय संवाद हुआ। छात्राओं ने समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के कार्यों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन पुलिस और युवा वर्ग के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने के साथ-साथ भाईचारे, सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करने वाला रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर