राकेश कुमार ओझा जदयू शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत
भागलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता राकेश कुमार ओझा को जदयू शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके इस मनोनयन पर भागलपुर के जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। साथ ही कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। राकेश कुमार ओझा समता पार्टी के दौर से ही संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने जदयू में विभिन्न संगठनात्मक और राजनीतिक पदों पर रहते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। जदयू नेताओं ने कहा कि उनका मनोनयन संगठन के प्रति उनके लंबे अनुभव, सक्रियता और समर्पण का सम्मान है। उनके इस सांगठनिक अनुभव का सीधा लाभ शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को मिलेगा, जिससे संगठन को प्रदेश स्तर पर और मजबूती मिलेगी। राकेश कुमार ओझा को बधाई देने वालों में भागलपुर के सांसद अजय मंडल, पूर्व राज्यसभा सांसद सह जदयू की राष्ट्रीय महासचिव कहकशां परवीन, पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल, महानगर जदयू जिलाध्यक्ष संजय साह, संजू तिवारी, मेहबूब आलम, मो. हिमायूँ, मृत्युंजय कुशवाहा, दीपक गुप्ता, इंद्रप्रकाश मंडल, फणिकांत सिन्हा, टिंकू मोदी, रंजीत मंडल, संजय सिन्हा, विकास सिंह, डॉ. नीरव और कुणाल रत्नप्रिया सहित बड़ी संख्या में जदयू पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। अपनी नई जिम्मेदारी पर आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार ओझा ने कहा, जनता दल (यू) ने मुझे समता काल से ही संगठन में काम करने का अवसर दिया है। पार्टी ने समय-समय पर जो भी जिम्मेदारी दी, उसे मैंने पूरी निष्ठा के साथ निभाया है। शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ में यह नई जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर