80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अध्यक्ष राजेश राम ने फहराया तिरंगा
पटना, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतंत्र एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले महान सपूतों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस सेवादल के द्वारा ध्वज गीत का गायन किया तत्पश्चात सभी ने राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें केवल आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग की याद नहीं दिलाता, बल्कि देश की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक विरासत को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। आजादी के मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज देश में जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, उसमें लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
राजेश राम ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को प्रखंड स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाया जाएगा। मजबूत संगठन के बल पर कांग्रेस जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और जनता की आवाज को और प्रभावी ढंग से बुलंद करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इस अवसर पर सभी कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए काम करें। देश में फैले अराजकता को खत्म करने और देश में मोहब्बत का पैगाम देने के लिए देशहित में एक साथ काम करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डा. मदन मोहन झा, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, पूर्व मंत्री श्याम सुन्दर सिंह धीरज, ब्रजेश पाण्डेय, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, डा संजय यादव, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार सिंह, बंटी चौधरी, डॉ. स्नेहाशीष वर्द्धन, जितेंद्र प्रसाद सिंह, अफरोज आलम, डा कुमारी सोनी, मिन्नत रहमानी, वैद्यनाथ शर्मा, पंकज यादव, ऋषि मिश्रा, कुमार आशीष, सूरज यादव, अरविन्द लाल रजक,कमलदेव नारायण शुक्ला, शशिकांत तिवारी, डा अमन कुमार, अनुराग चंदन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त