कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रही सरकार: राजेश राम
पटना, 01 नवंबर (हि.स.)।
दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई रैली से घबराए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब कांग्रेस पार्टी के कार्यालयों में पुलिस भेज कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं। उक्त आरोप कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने लगाए हैं।
राजेश राम ने कहा कि रविवार को दिल्ली पुलिस ने बिहार कांग्रेस मुख्यालय में जिस तरह से गैरकानूनी कृत्य किया वो ये बता रहा है कि गृह मंत्री डरे हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने आश्रम परिसर में रह रहे कार्यालय के कर्मचारियों के परिजनों को डराया-धमकाया और उनके साथ बदसलूकी की। इस ग़ैरक़ानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस ने वो दिन चुना जिस दिन बिहार कांग्रेस के सारे नेता-कार्यकर्ता दिल्ली में हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश भर में उठ रही आवाजों को दबाने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार निचले स्तर पर उतर आई है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
राजेश राम ने ये भी कहा कि अब लड़ाई अदालतों के भीतर और जनता के बीच लड़ी जाएगी। देश की सबसे बड़ी अदालत जनता की अदालत है जहां भाजपा अभियुक्त है। यही वजह है कि केंद्र की मोदी सरकार हिटलरशाही पर उतर आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त