सदाकत आश्रम में मनाई गयी राजेंद्र बाबू की पुण्यतिथि
पटना, 28 फ़रवरी (हि.स.)। भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डा. राजेन्द्र प्रसाद की 63 वीं पुण्यतिथि शनिवार को सदाकत आश्रम में मनायी गयी ।
बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुशासन कमिटी के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव के नेतृत्व में सदाकत आश्रम के उद्यान में स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन कमिटी के अध्यक्ष ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संविधान निर्माण और राष्ट्र निर्माण के अतुलनीय पुरोधा थे। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और देश के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मज़बूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी, जो डॉ. राजेंद्र प्रसाद के आदर्शों की सच्ची विरासत है।
कपिलदेव प्रसाद यादव ने कहा कि डा. राजेन्द्र प्रसाद में विलक्षण प्रतिभा के साथ साथ उनका स्वाभाव भी बहुत ही मृदुल था । देश के प्रथम राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने वाले राजेन्द्र बाबू सामान्य जीवन जीने में विश्वास रखते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिये यह बड़े गर्व की बात है कि डा. राजेन्द्र प्रसाद 14 वर्षों से अधिक समय तक बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद को सुशोभित किये और सदाकत आश्रम में ही अंतिम सांस ली।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं पर्यवेक्षक अशोक कुमार सिंह, मनोज शर्मा, सुधीर शर्मा, शशि रंजन, राजीव मेहता, उदय शंकर पटेल, किशोर कुमार, अरूण कुमार राय, नीरज कुमार, मिथिलेश कुमार निषाद, मनीष कुमारकांग्रेसजनों ने भी राजेन्द्र बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त