राजस्व कर्मचारियों ने दिया शांतिपूर्ण धरना, 17 सूत्री मांगों को लेकर उठी आवाज

 


बक्सर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार राज्य राजस्व एवं भूमि सुधार कर्मचारी संघ (गोप गुट) के आवाहन पर जिले के सभी राजस्व कर्मचारियों ने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह धरना बाजार समिति स्थित गृहरक्षा वाहिनी के प्रांगण में आयोजित किया गया। धरना में जिला अध्यक्ष राहुल सिंह सहित जिले के सभी अंचलों से राजस्व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कर्मचारियों ने 17 सूत्री मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। धरना के दौरान प्रमुख मांगों में ग्रेड पे 1900 के स्थान पर 2800 किए जाने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा कर्मचारियों पर गलत कारणों से की जा रही बेवजह की कार्रवाई का विरोध किया गया।

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे छुट्टी के दिन भी कार्य कराया जाता है तथा सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बिना किसी मूलभूत सुविधा के काम लिया जा रहा है। धरना के माध्यम से कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन से मांगों पर शीघ्र विचार करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा