हल्की सी बारीश से नरक में तब्दील हुआ बस स्टैंड

 


भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के बायपास थाना क्षेत्र स्थित रिक्शाडीह बस स्टैंड की स्थिति हल्की से बारिश के कारण नारकीय हो गई। कुछ माह पूर्व यह बस स्टैंड चालू हुआ है। यहां पहले से ही मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। फिर बारिश ने यहां की समस्याओं को और बढ़ा दिया है।

यात्रियों को बस पड़ाव के अंदर जाने में परेशानी हो रही है। बस में चढ़ने और उतरने में यात्रियों के पसीने निकल रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी वृद्ध और महिला यात्रियों को हो रही है।

उल्लेखनीय है कि यहां से रोजाना दर्जनों बस बिहार के विभिन्न जिलों सहित झारखंड और बंगाल के रवाना होती है। वैसे भी यह बस स्टैंड जब से बना है तब से यात्री परेशान हैं। हमेशा बस स्टैंड पर जाम जैसे हालात बने रहते हैं। लोग ऑटो या ई-रिक्शा से बस पकड़ने के लिए स्टैंड आते हैं। ऑटो- ई-रिक्शा को मुख्य गेट के आस पास ही पार्क किया जाता है।

बस के आने जाने से यहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दूसरी तरफ पटना जाने वाली बस को डिक्शन मोड़ में बस जल्दी फुल हो कर खुल जाती थी। यहां पर अपेक्षाकृत कम यात्री आ रहे हैं। इसलिए सीट के अनुरूप यात्री नहीं होने के कारण बसों को रवाना होने में विलंब हो रहा है। दूसरी तरफ चालकों ने बताया कि शहर घुसने के बाद वे लोग अक्सर जाम में फंस जाते थे लेकिन यहां ऐसी स्थिति नहीं है। चालकों ने बताया कि उम्मीद है समय के साथ यहां स्थिति सामान्य हो जायेगी।

यात्रियों ने बताया कि बस पड़ाव जीरोमाइल के आसपास या रेलवे स्टेशन के आसपास बनाना चाहिए। यह शहर से काफी दूर है। एक तरफ रिक्शाडीह में नया बस स्टैंड शिफ्ट करने का प्रशासनिक आदेश प्रभावी हो गया है, तो दूसरी तरफ डिक्शन मोड़ में खुलेआम अधिकारियों के आदेश की अवहेलना हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर