सीवान में रेल कर्मियों ने मनाया मजदूर दिवस, जुलूस निकाल कर दी शहीदों को श्रद्धांजलि
सीवान, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एन.ई. रेलवे मजदूर यूनियन, सीवान शाखा द्वारा रेल कर्मियों ने जुलूस निकालकर मजदूरों के अधिकारों और शहीदों को याद किया। यह जुलूस शाखा मंत्री विनोद रंजन गिरि के नेतृत्व में इंजीनियरिंग विभाग से शुरू होकर विभिन्न कार्यालयों से गुजरता हुआ सिग्नल एवं बिजली विभाग कार्यालय पर समाप्त हुआ।
जुलूस के समापन के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष सुधीर सिंह ने की। सभा को संबोधित करते हुए शाखा मंत्री विनोद रंजन गिरि ने मजदूर दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1886 में अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों ने काम के घंटे तय करने को लेकर ऐतिहासिक आंदोलन किया था।
उस समय मजदूरों को सूर्योदय से सूर्यास्त तक काम करना पड़ता था।उन्होंने बताया कि 1 मई 1886 को शिकागो के बेकरी मजदूरों के प्रदर्शन के दौरान सरकार ने गोली चलवाई, जिसमें सैकड़ों मजदूरों की मौत हो गई। मजदूर सफेद झंडा लेकर गए थे, जो उनके खून से लाल हो गया और तभी से मजदूरों का झंडा लाल रंग का प्रतीक बन गया।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में मजदूर दिवस उन्हीं शहीदों की याद में मनाया जाता है और हम सभी उन्हें श्रद्धांजलि व लाल सलाम अर्पित करते हैं।
इस मौके पर अब्दुल मजीद खां, मोहम्मद जान खां, सत्येंद्र पंडित, अभिषेक कुमार, कमर अली, विकास तिवारी, मोहम्मद तौफीक, राकेश सिंह, सुभाष प्रसाद, अनिल कुमार, विकास कुमार पांडेय, राहुल कुमार, सत्यप्रकाश, ओमप्रकाश चौधरी, राकेश राज सहित कई रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma